उत्तर प्रदेश : पड़ोसी की प्रताड़ना से टूट गई 18 साल की 'रुखसाना', जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत

News Desk21 July 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश : पड़ोसी की प्रताड़ना से टूट गई 18 साल की 'रुखसाना', जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत

बांदा : बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेमारिया-कुशल गांव की 18 वर्षीय रुखसाना की जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक की लगातार कथित प्रताड़ना और पीछा करने से तंग आकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

जानकारी के मुताबिक दोपहर को घर में अकेली रुखसाना ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जब खेत से घर लौटी मां रहीशा ने बेटी की बिगड़ती हालत देख परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के बड़े भाई दीन मोहम्मद ने आरोप लगाया कि पड़ोस का एक युवक लंबे समय से उनकी बहन को परेशान कर रहा था। परिवार ने कई बार उसे समझाया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। उनका दावा है कि इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर रुखसाना ने जहर खा लिया। रुखसाना तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

अतर्रा थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। पड़ोसी युवक द्वारा प्रताड़ित किए जाने की कोई तहरीर अभी तक नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment