मध्य प्रदेश : सिंगरौली में बदहाल सड़क की दर्दनाक तस्वीर, बेटे का शव खाट पर रखकर आधा किमी पैदल चले परिजन

News Desk1 August 20262 min read0 viewsदेश
मध्य प्रदेश : सिंगरौली में बदहाल सड़क की दर्दनाक तस्वीर, बेटे का शव खाट पर रखकर आधा किमी पैदल चले परिजन

​सिंगरौली : जिले के सरई थाना क्षेत्र के दुधमनियां गांव में विकास के तमाम दावों की पोल खोल देने वाली एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। सड़क न होने और जलभराव के कारण परिजनों को अपने 16 वर्षीय बेटे का शव खाट पर लादकर करीब आधा किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर होना पड़ा। इस अमानवीय हालात ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुधमनियां गांव निवासी 16 वर्षीय सुनील सिंह की अचानक मौत हो गई थी। नियमानुसार शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए अस्पताल ले जाना जरूरी था। लेकिन हालिया बारिश के चलते गांव की मुख्य संपर्क सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी थी। रास्ते में भारी कीचड़ और जलभराव होने के कारण कोई भी चार पहिया वाहन या एम्बुलेंस गांव तक पहुंच पाने में असमर्थ थी।

​जब वाहन गांव के भीतर नहीं आ सका, तो गहरे शोक में डूबे परिजनों और ग्रामीणों के पास इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा। उन्होंने मजबूरन एक खाट का सहारा लिया और सुनील के शव को उस पर रखकर कीचड़ भरे बदहाल रास्ते से होते हुए मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।

​ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के दिनों में यह संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी यहां मरीज और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में इसी तरह की भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा है। अब तो स्थिति यह आ गई है कि अपनों की अर्थी को भी इस कीचड़ से होकर गुजारना पड़ रहा है।

​घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस मार्ग का निर्माण कराया जाए और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment