मध्य प्रदेश : अधिकारियों की बेरुखी से नाराज किसान, सुठालिया बस स्टैंड पर दिया धरना, पुनर्वास और हक के मुआवजे पर अड़े

News Desk15 September 20261 min read0 viewsदेश
मध्य प्रदेश : अधिकारियों की बेरुखी से नाराज किसान, सुठालिया बस स्टैंड पर दिया धरना, पुनर्वास और हक के मुआवजे पर अड़े

राजगढ़ : सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित डूब क्षेत्र के किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सुठालिया बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान धरने पर बैठे और शासन-प्रशासन से प्रभावित किसानों को उनकी जमीन एवं संपत्तियों का चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग की।

धरना दे रहे किसानों का कहना है कि सिंचाई परियोजना के कारण उनकी कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ रही है। इससे किसानों की आजीविका प्रभावित होगी। किसानों ने मांग की कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा निर्धारण में प्रभावित परिवारों के हितों का ध्यान रखा जाए तथा उन्हें वर्तमान परिस्थितियों और भूमि के वास्तविक मूल्य के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।

किसानों ने आरोप लगाया कि परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के समक्ष मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। इसी के विरोध में किसानों को धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

धरने के दौरान किसानों ने चार गुना मुआवजा, प्रभावित परिवारों के अधिकारों की सुरक्षा और उचित पुनर्वास सहित अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान किसानों के समर्थन में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोधिया ने भी समर्थन कर संबोधित किया।

धरना प्रदर्शन के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही। मौके पर प्रशासन एवं पुलिस की निगरानी रही। किसानों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचा रहे हैं और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

Share:

Comments

Leave a comment