मध्यप्रदेश: पार्टी के बहाने बुलाया, नशा कराया और ट्रक के आगे धकेला; भिंड में अंधेकत्ल का खुलासा

News Desk19 September 20261 min read0 viewsदेश
मध्यप्रदेश: पार्टी के बहाने बुलाया, नशा कराया और ट्रक के आगे धकेला; भिंड में अंधेकत्ल का खुलासा

​भिंड: बराही थाना पुलिस ने बीते 11 सितंबर को ग्वालियर रोड पर मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए अंधेकत्ल का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग के चलते आरोपी ने अपने दोस्त की हत्या कर मामले को सड़क हादसा दर्शाने का प्रयास किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को अमलेडी तिराहे के पास सड़क पर एक व्यक्ति का बुरी तरह कुचला हुआ शव मिला था, जिसकी पहचान कर पाना मुश्किल था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में मृतक के शरीर पर बने टैटू और कपड़ों के आधार पर उसके भाई ने शव की पहचान छत्रसिंह नरवरिया पुत्र राजाराम नरवरिया, निवासी पुरा के रूप में की। पहचान के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जाँचपड़ताल शुरू की।

पुलिस ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। ​आरोपी ने बताया कि उसकी मृतक से पुरानी रंजिश थी और मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा था। हत्या की योजना के तहत आरोपी ने छत्रसिंह को पार्टी के बहाने बुलाया और उसे अत्यधिक नशा कराया।

इसके बाद उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर हाईवे पर ले गया। वहां बातचीत के बहाने गाड़ी से उतारकर सामने से आ रहे एक ट्रक के आगे धक्का दे दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोपी ने यह सब इसलिए किया ताकि मामला सड़क हादसा लगे।

Share:

Comments

Leave a comment