उत्तर प्रदेश: रानीपुर गांव में बमबाजी और हवाई फायरिंग से मची दहशत, बाइक छोड़कर भागे आरोपी

जौनपुर: मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में शुक्रवार देर शाम सुतली बम फेंकने और हवाई फायरिंग किए जाने से दहशत फैल गई। धमाके और गोलियों की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बाइक सवार तीन युवक कथित तौर पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर गांव में अरुण, यशवंत, मानसिंह और शाहिद समेत करीब पांच युवक खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर युवकों की ओर सुतली बम फेंक दिया। धमाका होते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोप है कि बाइक सवारों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे आसपास के लोग सहम गए।
आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े तो आरोपी बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने दोबारा फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित युवकों ने पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। पीआरवी टीम के पहुंचने के बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ की।
पीड़ितों ने जौंगीपुर निवासी आलोक यादव, ददरा निवासी अंकित यादव और एक अन्य अज्ञात युवक पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
थानाध्यक्ष के अनुसार, अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।