उत्तरप्रदेश: पूजा-पाठ के बहाने आभूषण ठगने वाली 25 हजार की इनामिया गिरफ्तार

News Desk14 September 20261 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: पूजा-पाठ के बहाने आभूषण ठगने वाली 25 हजार की इनामिया गिरफ्तार

आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये की इनामिया अंतरजनपदीय शातिर अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला पूजा-पाठ के बहाने घरों में प्रवेश कर आभूषण आदि की ठगी करने वाले गिरोह की सदस्य है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद में ठगी व चोरी से संबंधित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2025 को गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपलटू गांव में तीन अज्ञात महिलाओं ने पूजा-पाठ कराने के बहाने एक महिला के घर में प्रवेश किया था। आरोप है कि महिलाओं ने घर से आभूषण आदि लेकर ठगी की थी। मामले में 12 सितंबर 2025 को गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्ताओं की पहचान होने के बाद संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्ता जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव की रहने वाली है और अपने साथियों के साथ आर्थिक लाभ के लिए अपराध करती थी। इसके बाद गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में वांछित चल रही अभियुक्ता पर एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सात सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर गम्भीरपुर पुलिस ने आजमगढ़-मोहम्मदपुर दयालपुर मोड़ के पास से करीब 12:10 बजे अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ गम्भीरपुर, फूलपुर और रानी की सराय थाने के अलावा जौनपुर के मछलीशहर थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सन्नी पाण्डेय, महिला कांस्टेबल अनामिका मिश्रा, कांस्टेबल दुर्गेश राय और महिला कांस्टेबल स्वाती जायसवाल शामिल रहीं।

Share:

Comments

Leave a comment