उत्तर प्रदेश: पिंडरा से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में अजय राय, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पोस्ट से दिए संकेत

News Desk15 October 20262 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: पिंडरा से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में अजय राय, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पोस्ट से दिए संकेत

वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी दावेदारी के संकेत दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट का जिक्र किया और क्षेत्र के लोगों को संबोधित किया। लखनऊ में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद अजय राय को दिल्ली बुलाया गया था। वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद उनकी इस पोस्ट ने प्रदेश की सियासत में चर्चा तेज कर दी है।

पिंडरा को बताया अपना परिवार

अजय राय ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पिंडरा सिर्फ विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने मां नक्टेश्वरी देवी के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि इसी आशीर्वाद से उन्हें पहली बार चुनाव में जीत मिली थी। उन्होंने पिंडरा के लोगों को विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ मां के दरबार में शीश नवाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले भी अजय राय पिंडरा से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं।

फिलहाल पिंडरा सीट पर भाजपा का कब्जा है। यहां से अवधेश सिंह विधायक हैं। ऐसे में अजय राय की पोस्ट को 2027 के चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

हाल ही में लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अजय राय और कांग्रेस नेता ममता चौधरी के समर्थकों के बीच विवाद और हाथापाई की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद अजय राय के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की अटकलें लगने लगीं। हालांकि, इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वह पार्टी और राहुल गांधी के साथ बने रहेंगे।

दिल्ली में मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

लखनऊ की घटना के बाद अजय राय वाराणसी लौटे और कुछ मौकों पर मीडिया से दूरी बनाते नजर आए। इसके बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां उन्होंने राहुल गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद पिंडरा से चुनाव लड़ने के संकेत देने वाली पोस्ट सामने आई है। हालांकि, कांग्रेस ने उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

Share:

Comments

Leave a comment