उत्तर प्रदेश: कर्नलगंज झपटमारी कांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

News Desk6 September 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: कर्नलगंज झपटमारी कांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

गोंडा: कोतवाली कर्नलगंज पुलिस ने झपटमारी की घटना में वांछित चल रहे तीसरे आरोपी सत्यम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित ₹55,150 नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को प्रयागराज निवासी राजकुमार शुक्ला अपनी कार से कर्नलगंज में एक वाहन देखने आए थे। कार खड़ी कर वह पैदल सकरौरा ग्रामीण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरजू बालिका इंटर कॉलेज के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोगों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और सकरौरा की ओर फरार हो गए। बैग में आवश्यक दस्तावेजों के साथ एक लाख रुपये नकद थे।

घटना के संबंध में पीड़ित ने 28 अगस्त को कोतवाली कर्नलगंज में सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 29 अगस्त को घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपी आशु मिश्रा और आशुतोष सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।मामले में वांछित चल रहे सत्यम सिंह की तलाश जारी थी। रविवार 6 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नारायनपुर माझा पोतेदार पुरवा की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ के पास प्राथमिक विद्यालय के समीप से उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ₹55,150 नकद बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम सिंह पुत्र हरिकेश सिंह निवासी चकरीत, थाना कोतवाली कर्नलगंज, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 523/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अक्षय कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल कमलेश वर्मा, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, भगवान प्रसाद शुक्ला और धीरेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

Share:

Comments

Leave a comment