उत्तर प्रदेश: पहले पानी की टंकी गई, अब कमरा भी नदी में समाया, जल जीवन मिशन के निर्माण पर उठे सवाल

News Desk28 September 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: पहले पानी की टंकी गई, अब कमरा भी नदी में समाया, जल जीवन मिशन के निर्माण पर उठे सवाल

बरेली: मीरगंज तहसील क्षेत्र के बैरमनगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी के बाद अब उसका कमरा भी नदी के कटान की चपेट में आकर समा गया। सोमवार को नदी का कटान बढ़ने से टंकी के पास बना कमरा भरभराकर नदी में गिर गया। ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी भी नदी में समा गई थी। इसके बाद टंकी से कुछ दूरी पर बना कमरा बचा हुआ था। सोमवार को नदी के बढ़ते कटान के चलते कमरा भी पानी में चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद नदी के किनारे कराए गए निर्माण कार्यों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दौरान नदियों का रुख और कटान की दिशा बदल सकती है। ऐसे में नदी के बेहद करीब निर्माण कराने से सरकारी धन के नुकसान की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। साथ ही नदी के किनारे संवेदनशील स्थानों पर सरकारी योजनाओं के निर्माण से पहले तकनीकी सर्वे कराने की मांग उठाई है। फिलहाल टंकी और कमरे के नदी में समाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

Share:

Comments

Leave a comment