उत्तर प्रदेश: फतेहपुर में दुर्गा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का एडीजी ने लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

फतेहपुर: शुक्रवार शाम प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने खागा नगर में स्थापित दुर्गा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने आम लोगों से संवाद कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने पंडालों में भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस गश्त के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एडीजी ज्योति नारायण और फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक खागा स्थित अयोध्या मंदिर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने वहां मां जगदंबा की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में स्थापित दुर्गा पंडाल में आयोजकों ने उनका माला पहनाकर, बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
एडीजी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, प्रभावी गश्त और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी खागा, कोतवाली प्रभारी खागा समेत तहसील क्षेत्र के विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मिशन शक्ति फेज-6 की प्रगति पर भी चर्चा की और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की।