उत्तर प्रदेश: आस्था की अनोखी पदयात्रा: 12 हजार किमी चलकर नौ ज्योतिर्लिंग पहुंचे, अब बैद्यनाथ धाम की ओर

News Desk5 October 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: आस्था की अनोखी पदयात्रा: 12 हजार किमी चलकर नौ ज्योतिर्लिंग पहुंचे, अब बैद्यनाथ धाम की ओर

चंदौली: मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी चेतन सिंह राठौड़ धार्मिक आस्था और देश भ्रमण के उद्देश्य से 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की पदयात्रा पर निकले हैं। सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पहुंचने पर उन्होंने अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अब तक वह करीब 12 हजार किलोमीटर पैदल चल चुके हैं और 12 ज्योतिर्लिंगों में से नौ ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पैदल पूरी कर चुके हैं।

चेतन सिंह राठौड़ ने बताया कि उनकी यात्रा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों से होकर गुजर चुकी है। वर्तमान में वह झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे हैं। उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव तमिलनाडु के रामेश्वरम में होगा। इसके बाद उनकी 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा पूर्ण होगी।

उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली लंबी पदयात्रा है। हजारों किलोमीटर की यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ठहरने के लिए जगह नहीं मिली, वहीं कई जगह स्थानीय लोगों ने सहयोग और अपनापन भी दिखाया। उनके अनुसार यात्रा में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोगों से सामना होता है, लेकिन यही अनुभव जीवन को समझने का अवसर देता है।

युवाओं के लिए संदेश देते हुए चेतन सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार पैदल यात्रा जरूर करनी चाहिए। पैदल यात्रा से जीवन को करीब से समझने और विभिन्न लोगों व संस्कृतियों को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से भारत के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को घूमकर देश को करीब से देखने की अपील की।

Share:

Comments

Leave a comment