उत्तरप्रदेश: घर में घुसकर पीतल के बर्तन पर हाथ साफ,एक दिन में पुलिस ने आरोपी को दबोचा;कलश-परात बरामद,साथी फरार

Wasim17 August 20262 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: घर में घुसकर पीतल के बर्तन पर हाथ साफ,एक दिन में पुलिस ने आरोपी को दबोचा;कलश-परात बरामद,साथी फरार

बांदा।घर में घुसकर पीतल के बर्तन चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए पीतल के एक कलश और दो परात बरामद की हैं।हालांकि, घटना में शामिल उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

कोतवाली देहात क्षेत्र की रहने वाली रेखा ने 16 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके घर में घुसकर चोर पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए हैं।शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया।

पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

पुलिस को 17 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी डाडिन पुरवा पेट्रोल पंप के पास मौजूद है।सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दुर्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बच निकलने का प्रयास किया,लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवकुश पुत्र चन्द्रभवन निवासी डाडिन पुरवा महोखर के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए पीतल का एक कलश और दो परात बरामद हुईं।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

साथी को पकड़ने के लिए दबिश

पुलिस के मुताबिक वारदात में उमेश पुत्र शिवमोहन निवासी डाडिन पुरवा महोखर भी शामिल था।वह फिलहाल फरार है।उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

24 घंटे में खुलासा,पुलिस की तेजी की चर्चा

घर में चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की,उससे महज एक दिन में मामले का खुलासा हो गया।चोरी का सामान बरामद होने के बाद पीड़ित परिवार को भी राहत मिली है।पुलिस की कार्रवाई से इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर सक्रिय बदमाशों में भी हड़कंप मचा है।

Share:

Comments

Leave a comment