उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में बाढ़ से स्कूल जलमग्न, पानी के बीच पढ़ने पहुंच रहे 232 बच्चे; हर साल बनती है यही स्थिति

News Desk30 September 20262 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में बाढ़ से स्कूल जलमग्न, पानी के बीच पढ़ने पहुंच रहे 232 बच्चे; हर साल बनती है यही स्थिति

बाराबंकी: तहसील रामनगर के ग्राम पंचायत दुर्गापुर में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बाढ़ का पानी गांव के कंपोजिट विद्यालय परिसर में भर गया है। इसके बावजूद छात्र-छात्राएं पानी के बीच पहुंचकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय के चारों तरफ पानी भरने से बच्चों और शिक्षकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय दुर्गापुर में कुल 232 बच्चे अध्ययनरत हैं। इनमें 72 प्राथमिक तथा 160 जूनियर कक्षा के विद्यार्थी हैं। विद्यालय में उनके अलावा तेज सिंह वर्मा, अरुण कुमार पटेल, शिवकुमार, कुमुद पाठक, शिक्षामित्र राजित राम और अभिषेक शर्मा तैनात हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष बाढ़ का पानी भर जाता है। विद्यालय को ऊंचा किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय का हैंडपंप खराब पड़ा है, जिससे बच्चों को पीने योग्य पानी की समस्या बनी हुई है। शौचालय के आसपास भी पानी भरा हुआ है। उन्होंने विद्यालय में सफाई कर्मी की कमी को भी गंभीर समस्या बताया। उनका कहना है कि एक सफाई कर्मी मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध है और विद्यालय में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बाढ़ के बीच विद्यालय में सफाई कर्मी की तत्काल आवश्यकता है।

वहीं दुर्गापुर का मिनी सचिवालय भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है। गांव के डामर मार्ग पर जगह-जगह पानी का बहाव चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई पुलिया काफी नीची है, जिसके कारण बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। ग्रामीणों ने पुलिया को ऊंचा किए जाने की मांग की थी।

बाढ़ का पानी विद्यालय के आसपास बने घरों तक पहुंच गया है। ग्रामीण पानी के बीच से होकर गांव से बाहर निकलने को मजबूर हैं। रोजगार सेवक मनोज यादव ने बताया कि विद्यालय का खराब नल जल्द सही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में हर वर्ष घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है।

Share:

Comments

Leave a comment