उत्तर प्रदेश: ऑपरेशन चक्रव्यूह में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; सात मोटरसाइकिल बरामद

Wasim7 August 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: ऑपरेशन चक्रव्यूह में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; सात मोटरसाइकिल बरामद

अमेठी: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें (पांच पूरी बाइक और दो के पार्ट्स) बरामद किए गए हैं. सभी आरोपी प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं.मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कार्रवाई करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की.

पुलिस के अनुसार, अमेठी कोतवाली क्षेत्र में रात करीब दो बजे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोककर पूछताछ की गई. जांच में उनके चोरी की वारदातों में शामिल होने की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र वर्मा, साहिल सरोज, धर्मेंद्र वर्मा और धीरज वर्मा, निवासी जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है. आरोपियों की निशानदेही पर बेनीपुर नहर के पास स्थित एक खंडहर से चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा दो मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किए गए.

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ मोटरसाइकिलें अमेठी और कुछ प्रतापगढ़ जिले से चोरी की गई थीं. पुलिस के अनुसार, गैंग के सरगना साहिल सरोज के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने पुलिस कार्यालय सभागार में मामले का खुलासा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.

Share:

Comments

Leave a comment