उत्तरप्रदेश: नाला बंद होने से निर्माणाधीन मंदिर हुआ जलमग्न, महंत समेत सैकड़ों ग्रामीण अनशन पर बैठे

News Desk4 September 20262 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: नाला बंद होने से निर्माणाधीन मंदिर हुआ जलमग्न, महंत समेत सैकड़ों ग्रामीण अनशन पर बैठे

अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र के बनभरिया गांव स्थित निर्माणाधीन प्रगटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में जलभराव और जलनिकासी की समस्या को लेकर शुक्रवार को मामला गरमा गया। मंदिर परिसर में पानी भरने से नाराज मंदिर के महंत हनुमंत चेतन समेत सैकड़ों ग्रामीण अनशन पर बैठ गए। ग्रामीणों ने नाला बंद होने को जलभराव का कारण बताते हुए उसे खुलवाने और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तहसीलदार राहुल सिंह ने स्थिति का जायजा लेने के बाद तत्काल जेसीबी बुलाकर वैकल्पिक जलनिकासी की व्यवस्था शुरू कराई। मंदिर परिसर में जमा पानी निकालने के लिए नाले की सफाई और पानी के निकास का रास्ता खोलने का काम शुरू कराया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि नाला बंद होने के कारण बारिश का पानी मंदिर परिसर में जमा हो गया, जिससे निर्माणाधीन मंदिर और आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की पूरी तरह सफाई कराने के साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की मांग की।

बताया जा रहा है कि महंत हनुमंत चेतन ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की चेतावनी भी दी। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जलनिकासी का काम शुरू कराया।

मौके पर लेखपाल अनिल कुमार और एडीओ पंचायत जगदीशपुर ओम प्रकाश मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। वहीं थाना प्रभारी मुकेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है, हालांकि ग्रामीण स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग पर अभी भी कायम हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में बनभरिया गांव में हनुमान जी की मूर्ति प्रकट होने के बाद यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। यहां लगातार भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे जैसे धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। इसी क्रम में प्रगटेश्वर हनुमान मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। मंदिर निर्माण का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजेश विक्रम सिंह ने पूजा-अर्चना के साथ किया था।

Share:

Comments

Leave a comment