उत्तर प्रदेश : मम्मी मत मारो...' 5 रुपये के लिए बेरहम मां ने बच्चे के तलवे गर्म चाकू से दागे, कमरे में बंद कर चली गई पार्टी करने!

Wasim8 August 20262 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश : मम्मी मत मारो...' 5 रुपये के लिए बेरहम मां ने बच्चे के तलवे गर्म चाकू से दागे, कमरे में बंद कर चली गई पार्टी करने!

फतेहपुर। पांच रुपये के सामान के लिए छह साल के मासूम को ऐसी सजा दी गई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में एक महिला पर अपने छह वर्षीय बेटे के दोनों पैरों के तलवे गर्म चाकू से जलाने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि इसके बाद मासूम को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया और महिला पड़ोस में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने चली गई।

जानकारी के अनुसार फुलवामऊ निवासी विनय इंदौर में प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी गुड़िया देवी अपने छह वर्षीय बेटे शुभ के साथ गांव में रहती है। विनय के मुताबिक, उसकी पत्नी ने बच्चे को 20 रुपये देकर एसएनके गुटखा लाने के लिए भेजा था। आरोप है कि बच्चे ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे पांच रुपये से सामान लेकर खा लिया।

घर लौटने पर जब मां ने तीन गुटखा देखे तो वह आगबबूला हो गई। आरोप है कि पहले महिला ने मासूम की बेरहमी से पिटाई की और इसके बाद गैस पर चाकू गर्म कर उसके दोनों पैरों के तलवों को जला दिया। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया। आरोप है कि महिला इसके बाद पड़ोसी राजकुमार सिंह चौहान के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में चली गई।

इधर, कुछ देर बाद राजकुमार का बेटा शुभ को तलाशते हुए उसके घर पहुंचा। कमरे के भीतर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसने परिजनों को जानकारी दी। राजकुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और ताला खुलवाया तो मासूम दर्द से कराहता मिला। उसके दोनों पैरों के तलवे बुरी तरह झुलसे हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और बच्चे को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment