उत्तर प्रदेश: शादी का झांसा देकर दलित युवती से तीन साल तक दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

Wasim7 August 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: शादी का झांसा देकर दलित युवती से तीन साल तक दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

बरेली: बरेली मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर दलित युवती के साथ तीन वर्षों तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, अनुसूचित जाति की एक महिला ने आरोप लगाया है कि गांव के एक युवक ने उसकी 18 वर्षीय बेटी को शादी का भरोसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि युवक ने विवाह का आश्वासन देकर करीब तीन वर्षों तक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती जब भी शादी की बात करती थी, तब आरोपी उसे जल्द विवाह करने का भरोसा देकर टाल देता था।

परिजनों का कहना है कि कुछ दिनों पहले युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। आरोप है कि उसने न केवल शादी करने से इनकार कर दिया, बल्कि विरोध करने पर युवती को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद युवती ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की मां थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment