उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

News Desk3 September 20262 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

बाराबंकी: घाघरा घाट स्थित सरयू नदी में एक बार फिर जलस्तर बढ़ने से तराई क्षेत्र के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। गुरुवार को केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी पवन कुमार के अनुसार सुबह 11 बजे नदी का जलस्तर 106.200 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के लाल निशान से करीब 13 सेंटीमीटर ऊपर बताया गया। दोपहर तीन बजे भी नदी का जलस्तर 106.200 मीटर पर स्थिर रहा।

नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर तराई क्षेत्र के ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जहां नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं तराई क्षेत्र के तालाब और खाली स्थान भी पानी से भर गए हैं। ऐसे में यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के गांवों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।

घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर का असर दुर्गापुर, सिसौंडा, तपेशीपाह, जैनपुरवा, कोरिनपुरवा, परसादीपुरवा, बुधईपुरवा, लहडरा, मथुरापुरवा, केशियापुर, लोहटी जई, लोहटी पसई, निजामुद्दीनपुर, हेतमापुर और सुंदरनगर समेत कई तराई गांवों पर पड़ने की आशंका है। इन गांवों में रहने वाले ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शारदा और गिरजा बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बैराजों से प्रतिदिन करीब ढाई लाख से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की बात सामने आई है। इससे सरयू नदी में पानी का दबाव बढ़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण पहले से ही खेतों और निचले इलाकों में पानी जमा है। नदी का जलस्तर और बढ़ने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से नदी के जलस्तर तथा कटान प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी की जरूरत है। फिलहाल दोपहर तीन बजे नदी 106.200 मीटर पर स्थिर बनी हुई है, लेकिन खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण तराई क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बरकरार है।

जिलाधिकारी बाराबंकी ईशान प्रताप सिंह बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण भी कर रहे हैं और सभी तराई के रहने वाले ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन दे रहे हैं उनके साथ में एसडीएम आकांक्षा गुप्ता भी बाढ़ प्रभावित गांव का निरीक्षण किया।

Share:

Comments

Leave a comment