उत्तर प्रदेश: यूपी की राजनीति में एंट्री की तैयारी में जेडीयू, 1 नवंबर को वाराणसी में होगा राज्य स्तरीय सम्मेलन

News Desk9 October 20262 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: यूपी की राजनीति में एंट्री की तैयारी में जेडीयू, 1 नवंबर को वाराणसी में होगा राज्य स्तरीय सम्मेलन

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपनी तैयारियां तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में पार्टी वाराणसी में राज्य स्तरीय सम्मेलन करने जा रही है। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सम्मेलन के जरिए जेडीयू पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी।

1 नवंबर को करौता में जुटेंगे कार्यकर्ता

जेडीयू के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कश्यप के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर यह सम्मेलन 1 नवंबर को करौता स्थित रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। पहले इसकी तारीख 25 अक्टूबर तय की गई थी, लेकिन वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को देखते हुए कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया। नई तारीख तय होने के बाद पार्टी पदाधिकारी सम्मेलन की तैयारियों में जुट गए हैं।

सम्मेलन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष संजय झा, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश संगठन के प्रभारी श्रवण कुमार, प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पार्टी कार्यकर्ता भी पहुंचेंगे। सम्मेलन से पहले नेताओं की बैठक होगी, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी

जेडीयू का जोर प्रदेश में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर है। इसके लिए पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी जा रही है। पार्टी इस सम्मेलन के जरिए पूर्वांचल में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश करेगी।

इससे पहले नीतीश कुमार भी वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र में जनसभा कर चुके हैं। अब निशांत कुमार की अगुवाई में होने वाला यह सम्मेलन उत्तर प्रदेश में जेडीयू की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment