उत्तर प्रदेश: जौनपुर में खेत की मेड़ से स्कूल का सफर! बदहाल रास्ते से परेशान बच्ची ने DM से लगाई गुहार, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

Wasim3 October 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: जौनपुर में खेत की मेड़ से स्कूल का सफर! बदहाल रास्ते से परेशान बच्ची ने DM से लगाई गुहार, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

जौनपुर: जरा सोचिए जिन नन्हे कदमों को स्कूल की पक्की सड़क पर दौड़ना चाहिए, वे कीचड़ और फिसलन के बीच अपना रास्ता तलाश रहे हैं। जौनपुर में एक मासूम बच्ची की गुहार ने गांव की बदहाल सड़क की तस्वीर सामने ला दी है। बच्ची ने सीधे जिलाधिकारी सैमुअल पॉल को संबोधित करते हुए कहा है, अंकल जी, प्लीज मेरी सड़क बनवा दीजिए, ताकि हम सुरक्षित स्कूल पहुंच सकें। अब इस मासूम की आवाज प्रशासन तक पहुंचती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।

ये वायरल तस्वीरें जौनपुर के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लखनेपुर, घनश्यामपुर की बताई जा रही हैं। जहां खेतों के बीच बने संकरे और बदहाल रास्ते से बच्चे रोजाना स्कूल जाने को मजबूर हैं। बारिश के बाद रास्ते पर कीचड़ और पानी जमा है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को साइकिल चलाने के बजाय उसे पैदल लेकर चलना पड़ रहा है।

वायरल वीडियो में एक मासूम बच्ची अपनी परेशानी बताते हुए कहती है कि रास्ते में गड्ढे और फिसलन होने के कारण बच्चे अक्सर गिर जाते हैं। उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है। गांव में आने वाले मेहमानों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। बच्ची का कहना है कि सड़क बनवाने के लिए कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।

अब इस मासूम ने सीधे जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल से सड़क बनवाने की अपील की है। हाथ जोड़कर बच्ची कहती है कि अंकल जी, मेरी सड़क बनवा दीजिए, ताकि हम लोग सुरक्षित और समय पर स्कूल पहुंच सकें। करीब 40 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और गांव की बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment