उत्तर प्रदेश: जौहर यूनिवर्सिटी पर गरमाई सियासत, मुस्लिम महापंचायत का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

Wasim20 July 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: जौहर यूनिवर्सिटी पर गरमाई सियासत, मुस्लिम महापंचायत का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

आगरा: जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुस्लिम महापंचायत ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर जौहर यूनिवर्सिटी मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया और बुलडोजर कार्रवाई का विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

मुस्लिम महापंचायत के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार छात्रों के हितों की बात करती है, लेकिन जौहर यूनिवर्सिटी के मामले में हजारों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाने की कार्रवाई से शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी एक शैक्षणिक संस्थान है और इसके खिलाफ की जा रही कार्रवाई से शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को यूनिवर्सिटी बनाने वालों और यूनिवर्सिटी के नाम से दिक्कत है, जबकि इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम नेताओं ने सरकार से जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों में निष्पक्ष रवैया अपनाने और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की। बाद में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

Share:

Comments

Leave a comment