उत्तरप्रदेश: मीरगंज के धनतिया के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरी, ताला तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी ले गए चोर

News Desk13 August 20261 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: मीरगंज के धनतिया के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरी, ताला तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी ले गए चोर

बरेली: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव धनतिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर केंद्र का ताला तोड़कर अंदर घुसे और इन्वर्टर व बैटरी चोरी कर ले गए। घटना के बाद केंद्र में सामान बिखरा मिला। मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) दीपा चौहान ने थाना मीरगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सीएचओ ने बताया कि बुधवार 12 अगस्त को वह गांव रईयां नंगला में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य से गई थीं। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे धनतिया के ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह ने फोन कर केंद्र का ताला टूटे होने की जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने बताया कि केंद्र के अंदर सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा है।

सूचना मिलने के बाद सीएचओ तत्काल आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचीं। केंद्र का निरीक्षण करने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि केंद्र में रखा इन्वर्टर और बैटरी गायब है। चोरी की जानकारी मिलने पर सीएचओ ने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की तलाश की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment