बिहार: रिया की मौत को एक माह, आठ आरोपित अब भी फरार

News Desk13 September 20262 min read0 viewsदेश
बिहार: रिया की मौत को एक माह, आठ आरोपित अब भी फरार

मुंगेर : एक बेटी की जिंदगी खत्म हो गई, लेकिन उसके पिता को अब तक न्याय का इंतजार है। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बीचागांव में 11 अगस्त की देर रात रिया कुमारी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। पिता अमरनाथ शर्मा ने पति समेत आठ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना को करीब एक माह बीतने के बाद भी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से स्वजन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि रिया अब इस दुनिया में नहीं है।

प्रेम विवाह के बाद मायके लौटी थी रिया

स्वजनों के अनुसार, दो भाइयों की इकलौती बहन रिया ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की थी। वर्ष 2023 में उसने दिलावरपुर बाड़ा निवासी नवजीत कुमार भास्कर से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब एक माह बाद ही पति की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर रिया मायके लौट आई थी।

मायके में भी फोन पर प्रताड़ित करने का आरोप

पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि मायके लौटने के बाद भी रिया की परेशानी खत्म नहीं हुई। पति लगातार फोन कर उसे कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। स्वजनों के अनुसार, इसके बाद वह तनाव में रहने लगी थी। इसी बीच 11 अगस्त की रात उसने फंदे से झूलकर जान दे दी। घटना के बाद पिता की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। करीब एक माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में नाराजगी है। स्वजन आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबी कांत कच्छप ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सभी आरोपित ठिकाना छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Share:

Comments

Leave a comment