बिहार: लखीसराय में वज्रपात का कहर, दो लोगों की मौत; एक गंभीर रूप से घायल

News Desk11 August 20261 min read0 viewsदेश
बिहार: लखीसराय में वज्रपात का कहर, दो लोगों की मौत; एक गंभीर रूप से घायल

लखीसराय: चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत बनू बगीचा में मंगलवार की दोपहर तेज बारिश के बीच हुए वज्रपात ने कहर बरपा दिया। ठनका गिरने की घटना में दो लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल का इलाज स्थानीय निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है।

बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदला और क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गयी। इसी दौरान जोरदार मेघगर्जन के साथ बनू बगीचा क्षेत्र में ठनका गिरा। वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।

ठनका गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने घायल को तत्काल इलाज के लिए निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये।घटना की सूचना चानन थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी गयी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। हालांकि, मृतकों और घायल की पहचान तथा घटना की पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

इधर, वज्रपात की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के आश्रितों को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा देने तथा घायल को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।

Share:

Comments

Leave a comment